श्री उमिया कन्या महाविद्यालय में आगामी 10 सितंबर 2026 को छात्राओं की रचनात्मकता, सांस्कृतिक चेतना एवं कौशल विकास को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से "गणपति मेकिंग वर्कशॉप" का आयोजन किया जा रहा है। इस कार्यशाला में छात्राएं स्वयं अपने हाथों से इको-फ्रेंडली गणेश प्रतिमा बनाना सीखेंगी।
कार्यशाला का उद्देश्य विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करते हुए पारंपरिक उत्सवों को प्रकृति के अनुकूल तरीके से मनाने के लिए प्रेरित करना है। वर्कशॉप में प्रतिभागियों को मिट्टी से गणेश प्रतिमा निर्माण की संपूर्ण प्रक्रिया चरणबद्ध तरीके से सिखाई जाएगी, जिससे वे अपने घर के लिए आकर्षक एवं पर्यावरण हितैषी गणेश प्रतिमा तैयार कर सकें।
कार्यक्रम में फेविक्रिल एक्सपर्ट सुश्री राखी गुप्ता विशेषज्ञ प्रशिक्षक के रूप में मार्गदर्शन प्रदान करेंगी। कार्यशाला का आयोजन महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. शांति तेजवानी के संरक्षण में तथा सह-समन्वयक सहायक प्राध्यापक शिवानी चौहान के संयोजन में किया जाएगा।
महाविद्यालय प्रशासन के अनुसार कार्यशाला में सीमित 25 सीटें उपलब्ध हैं, इसलिए इच्छुक छात्राओं को शीघ्र पंजीयन कराने की सलाह दी गई है। प्रतिभागियों को आवश्यक सामग्री जैसे मिट्टी, अखबार, टूथपिक, प्लाईवुड/एमडीएफ बोर्ड, पानी का बर्तन, फेविकोल, कपड़ा, रंग एवं ब्रश आदि साथ लाने होंगे।
महाविद्यालय ने छात्राओं से इस अनूठी कार्यशाला का लाभ उठाकर अपनी रचनात्मक प्रतिभा को निखारने तथा पर्यावरण संरक्षण के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया है।




