राष्ट्रपति देंगी महाविद्यालय की छात्रा को हिन्दी साहित्य में सर्वोच्च अंक प्राप्त करने पर दो स्वर्ण और एक रजत पदक

0

 प्रतिस्पर्धा व तकनीक के इस युग में विद्यार्थी साइंस, कॉमर्स, इंजीनियरिंग, मैनेजमेंट, कंप्युटर जैसे विषय अपनी उच्च शिक्षा के लिए चयन करते है। बहुत कम विद्यार्थी ऐसे होते है जो अपनी भाषा को मुख्य विषय के रूप में चुनते है। और खास बात यह कि यदि चुन लिया तो उसमे भी बुलंदियों के चार चाँद लगा देने वाला कोई एक ही होता है। 

उक्त विचार हिन्दी दिवस के अवसर पर श्री उमिया कन्या महाविद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में श्री अंबिका पाटीदार समाज धार्मिक एवं पारमार्थिक ट्रस्ट के अध्यक्ष श्री पुरुषोत्तम मुकाती ने व्यक्त किए। 

श्री उमिया कन्या महाविद्यालय संचालन समिति सचिव श्रीमती इंदिरा दिनेश जी पाटीदार ने बताया कि बहुत ही गर्व की बात है कि महाविद्यालय की बी.ए. हिन्दी साहित्य की एक बिटिया ने देवी अहिल्या विश्वविद्यालय 2023 परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। साथ ही हिन्दी साहित्य जैसे विषय में सर्वोच्च अंक प्राप्त किए। इस हेतु विश्वविद्यालय द्वारा दिनांक 19 सितंबर 2024 को आयोजित दीक्षांत समारोह में छात्रा कु. वंशिका पाटीदार को राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू जी द्वारा तीन पदक प्रदान किए जाने है। 

बी.ए. परीक्षा 2023 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने पर रवीन्द्रनाथ टैगोर जन्म शताब्दी समारोह स्वर्ण पदक, सर्वोच्च अंक प्राप्त करने के लिए स्व. उमाकांत त्रिवेदी स्मृति स्वर्ण पदक तथा हिन्दी साहित्य में सर्वोच्च अंक प्राप्त करने के लिए गुलाब मोदी रजक पदक छात्रा को राष्ट्रपति महोदया के हस्ते प्रदान किया जाना है। 

श्री उमिया कन्या महाविद्यालय संचालन समिति अध्यक श्री ओमप्रकाश सेठ ने कहा कि हिन्दी साहित्य में सर्वोच्च अंक प्राप्त करने वाली छात्रा का सम्मान करने के लिए हिन्दी दिवस का दिन ही सबसे श्रेष्ठ है। हिन्दी साहित्य में विश्वविद्यालय स्तर पर दो स्वर्ण और एक रजत पदक प्राप्त करना सहज नहीं है। जिस भाषा में एक बिंदी की भी बड़ी कीमत होती है, ऐसी भाषा में सर्वोच्च और उत्कृष्ट प्रदर्शन करना गौरव की बात है। 

श्री अंबिका पाटीदार समाज धार्मिक एवं पारमार्थिक ट्रस्ट अध्यक्ष श्री पुरुषोत्तम मुकाती, उपाध्यक्ष, सचिव श्री महेंद्र पाटीदार, श्री उमिया कन्या महाविद्यालय संचालन समिति अध्यक्ष श्री ओमप्रकाश सेठ, सचिव श्रीमती इंदिरा पाटीदार एवं श्री उमिया पाटीदार कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय प्राचार्या श्रीमती बबीता हार्डिया द्वारा छात्रा कु. वांशिका पाटीदार द्वारा छात्रा को ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया। 


देवी अहिल्या विश्वविद्यालय द्वारा जारी दीक्षांत समारोह की अधिसूचना 


Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.
Post a Comment (0)
To Top